पटियाला के सरकारी मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस छात्र कमलदीप की हत्या उसी के दोस्त ने तेजधार हथियार से की थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी अक्सर छात्र से पैसों की मांग करता था। पैसे देने से इनकार करने पर रंजिश में उसने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी मोहित वर्मा निवासी बरेटा जिला मानसा के खिलाफ थाना सिविल लाइन में हत्या समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। हालांकि आरोपी अब तक गिरफ्तार नहीं हो सका है। मृतक के पिता महिंदरपाल ने पुलिस को बताया कि उनका 24 वर्षीय बेटा कमलदीप सरकारी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस चौथे वर्ष का छात्र था। वह पिछले दो वर्षों से पटियाला में रह रहा था और करीब दो हफ्ते पहले न्यू लाल बाग कॉलोनी स्थित एक पीजी में शिफ्ट हुआ था। पिता के अनुसार 17 मई की रात कमलदीप ने फोन कर बताया था कि उसका दोस्त मोहित वर्मा उसके पास आया है और रात वहीं रुकेगा। अगले दिन सुबह कमलदीप ने घर फोन कर कहा कि वह कॉलेज जाने की तैयारी कर रहा है। इसके बाद उससे संपर्क नहीं हो सका।शाम को जब परिजन आरोपी मोहित के घर पहुंचे तो उसके हाथों और पैरों पर पट्टियां बंधी थीं। पूछने पर उसने किसी मोटरसाइकिल चालक से झगड़े की कहानी सुनाई। बाद में परिजन जब पीजी पहुंचे तो कमरे में कमलदीप का शव खून से लथपथ पड़ा मिला। उसके गले और शरीर पर तेजधार हथियार से कई वार किए गए थे।पुलिस के अनुसार सीसीटीवी फुटेज में आरोपी मोहित को पीजी से बाहर निकलते देखा गया है। पिता ने आरोप लगाया कि मोहित लगातार उनके बेटे से पैसे मांगता था और इसी रंजिश में उसने हत्या की। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
.jpg)
Post a Comment