पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च निकाला,
व्यापारियों के साथ की महत्वपूर्ण मीटिंग
कपूरथला, 2 जून:
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव के निर्देशों
के तहत पूरे पंजाब में चलाए जा रहे व्यापक चेकिंग और ‘एरिया डोमिनेशन’ अभियान के अंतर्गत आज जिला कपूरथला
में डीआईजी जालंधर रेंज नवीन सिंगला ने एसएसपी गौरव तूरा, एसपी (हेडक्वार्टर) गुरप्रीत
सिंह गिल और पुलिस बल के साथ रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड तथा मुख्य बाजार में विशेष चेकिंग
की।
इस अवसर पर रेलवे स्टेशन पर पत्रकारों
से बातचीत करते हुए डीआईजी नवीन सिंगला ने बताया कि यह सुरक्षा अभियान रात के समय
(नाइट डोमिनेशन) भी जारी रहेगा और आने वाले कुछ दिनों तक लगातार चलाया जाएगा।
एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने स्पष्ट
किया कि घल्लूघारा दिवस के मद्देनज़र पंजाब पुलिस पूरी तरह सतर्क है ताकि कोई भी देश-विरोधी
तत्व किसी अप्रिय घटना को अंजाम न दे सके।
उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने
की अपील करते हुए कहा कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु दिखाई दे तो इसकी
सूचना तुरंत निकटतम पुलिस स्टेशन या कंट्रोल रूम को दी जाए।
उन्होंने सोशल मीडिया पर फैलने वाली
अफवाहों से बचने की सलाह देते हुए कहा कि केवल पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक अपडेट्स
पर ही भरोसा किया जाए, क्योंकि पुलिस सही जानकारी को रियल-टाइम में साझा करने के लिए
हमेशा तत्पर है।
श्री सिंगला ने बताया कि सुरक्षा के
दृष्टिकोण से किरायेदारों का वेरीफिकेशन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन को निर्देश
दिए गए हैं कि इस संबंध में चलाए जा रहे अभियान में और तेजी लाई जाए।
इस अवसर पर डीआईजी जालंधर रेंज नवीन
सिंगला ने व्यापारियों का मनोबल बढ़ाने और ‘कॉन्फिडेंस बिल्डिंग मेजर्स’ (विश्वास बहाली उपायों) के तहत चेयरमैन
ट्रेडर्स कमीशन कंवर इकबाल सिंह की मौजूदगी में बाजार एवं ट्रेडर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधियों
के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक भी की।
श्री सिंगला ने बताया कि बैठक के दौरान
व्यापारियों से सकारात्मक प्रतिक्रिया और कई महत्वपूर्ण सुझाव प्राप्त हुए हैं, जिनके
आधार पर एसएसपी कपूरथला के नेतृत्व में उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि व्यापारियों के सुझावों
को लागू करते हुए भगत सिंह चौक में पीसीआर के होल्डिंग प्वाइंट बनाए जाएंगे तथा बाजारों
में अवैध कब्जों और रेहड़ियों की समस्या के समाधान के लिए नगर निगम और सिविल प्रशासन
की सहायता ली जाएगी।
उन्होंने व्यापारिक वर्ग को आश्वस्त
किया कि यदि किसी को फिरौती (एक्सटॉर्शन) या धमकी भरी फोन कॉल प्राप्त होती है, तो
बिना किसी डर के तुरंत पुलिस को सूचना दें। पुलिस ऐसी प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से
लेते हुए त्वरित और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
उन्होंने यह भी उम्मीद जताई कि पुलिस
विभाग में हो रही नई भर्ती और प्रशिक्षण अकादमी से नया स्टाफ आने के बाद पुलिस बल और
अधिक मजबूत होगा।
कैप्शन:
1. डीआईजी जालंधर रेंज नवीन सिंगला
और एसएसपी गौरव तूरा रेलवे स्टेशन पर तलाशी अभियान की अगुवाई करते हुए।

Post a Comment