Top News

रेल डिब्बा कारखाना , कपूरथला में विश्व पर्यावरण दिवस 2026 का आयोजन

 


 

 

कपूरथला, 05.06.2026:  रेल डिब्बा  कारखाना कपूरथला में आज विश्व पर्यावरण दिवस 2026 का आयोजन किया गया। "प्रकृति से प्रेरित, जलवायु के लिए, हमारे भविष्य के लिए" विषय पर आधारित यह कार्यक्रम 15 मई 2026 से प्रारम्भ हुआ, जिसके अंतर्गत रेल डिब्बा  कारखाना, कपूरथला द्वारा पर्यावरण जागरूकता से संबंधित विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर  भारत स्काउट्स एवं गाइड्स तथा सेंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड द्वारा एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली को महाप्रबंधक श्री अजय नंदन ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय योगदान देने के लिए सवंय रैली में भाग लिया । इसके साथ - साथ  रेडिका  परिसर में वृक्षारोपण अभियान भी आयोजित किया  गया। इस अवसर पर महाप्रबंधक,   महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती नविता नंदन के नेतृत्व में संगठन की सदस्यों , वरिष्ठ अधिकारियों तथा कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पौधारोपण किया और हरित एवं स्वस्थ पर्यावरण को बढ़ावा देने का संदेश दिया।

कार्यक्रम का समापन गुणवत्ता विभाग, आर सी एफ कपूरथला द्वारा आयोजित एक भव्य  समारोह के साथ हुआ। इस अवसर पर महाप्रबंधक श्री अजय नंदन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि आई. के. गुजराल पंजाब तकनीकी विश्वविद्यालय के डीन डॉ. वाई. एस. बराड़ विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। अपने संबोधन में श्री अजय नंदन ने पर्यावरण संरक्षण तथा दैनिक जीवन में सतत् एवं पर्यावरण-अनुकूल व्यवहार अपनाने के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से प्रकृति के संरक्षण तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित भविष्य सुनिश्चित करने के लिए  मिलकर कार्य करने का आह्वान किया। समापन समारोह के दौरान डॉ. वाई. एस. बराड़ ने वैश्विक पर्यावरणीय संकट पर एक ज्ञानवर्धक प्रस्तुति दी तथा सामूहिक प्रयासों एवं सतत् विकास संबंधी उपायों के माध्यम से पृथ्वी की जलवायु एवं पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया।

आर सी एफ कल्चरल सोसाइटी  द्वारा वेस्ट सेग्रीगेशन विषय पर एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसने  वेस्ट सेग्रीगेशन के महत्व को प्रभावी ढंग से दर्शाया और दर्शकों की भरपूर सराहना प्राप्त की।

इस अवसर पर विश्व पर्यावरण दिवस अभियान में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कर्मचारियों एवं स्वयंसेवकों को महाप्रबंधक श्री अजय नंदन तथा महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती नविता नंदन  द्वारा सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त, समारोह के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को भी उनकी रचनात्मकता एवं पर्यावरण जागरूकता के लिए पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम के दौरान एक विशेष ‘विश्व पर्यावरण दिवस सेल्फी प्वाइंट भी स्थापित किया गया, जहाँ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक तस्वीरें खिंचवाईं। इससे कार्यक्रम का उत्सवी माहौल और अधिक जीवंत हुआ तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश व्यापक रूप से प्रसारित हुआ। इस अवसर पर प्लास्टिक अपशिष्ट के प्रभावी निपटान हेतु एक प्लास्टिक बोतल क्रशिंग मशीन का शुभारंभ कर उसे सेवा में लगाया गया ।

 

 

 

 

Post a Comment

Previous Post Next Post
Tribune Times News
Tribune Times News