Top News

डीएसजीएमसी द्वारा स्वास्थ्य सेवा में नया मील का पत्थर

 


 

बंगला साहिब में आधुनिक एंडोस्कोपी यूनिट की जल्द शुरुआत: हरमीत सिंह कालका

 

 

नई दिल्ली, 9 मई 2026

 

 

दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सरदार हरमीत सिंह कालका ने आज एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि डीएसजीएमसी द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक और ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। उन्होंने जानकारी दी कि गुरुद्वारा बंगला साहिब स्थित गुरु हरकृष्ण पॉलीक्लिनिक में आधुनिक एंडोस्कोपी यूनिट सफलतापूर्वक स्थापित कर दी गई है, जिसे बहुत जल्द संगत की सेवा के लिए समर्पित किया जाएगा।

सरदार कालका ने कहा कि यह नई सुविधा उच्च तकनीकी मानकों से सुसज्जित है और इसके माध्यम से मरीजों को पेट संबंधी बीमारियों की त्वरित और सटीक जांच उपलब्ध होगी। उन्होंने बताया कि इस मशीन के जरिए मरीजों को रंगीन रिपोर्ट (कलर प्रिंटआउट) भी प्राप्त होंगी, जो बीमारी की सही पहचान और उपचार में सहायक होंगी।

उन्होंने जोर देकर कहा कि आज के समय में बीमारियों की प्रारंभिक अवस्था में जांच और इलाज अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि समय पर उपचार से गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है। उन्होंने संगत से अपील की कि वे स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें और समय-समय पर जांच करवाने को प्राथमिकता दें।

सरदार कालका ने यह भी बताया कि जहां बाजार में एंडोस्कोपी टेस्ट की कीमत 5000 से 15000 रुपये तक होती है, वहीं गुरु हरकृष्ण पॉलीक्लिनिक में यह सेवा लगभग 1500 रुपये में उपलब्ध करवाई जाएगी, ताकि हर वर्ग का मरीज इसका लाभ उठा सके।

उन्होंने कहा कि दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी का मुख्य उद्देश्य सेवा और मानवता की भलाई है, और इस प्रकार की पहल के माध्यम से गरीब एवं जरूरतमंद वर्ग को बड़ी राहत मिल रही है।

उन्होंने संगत से अपील की कि इस सेवा के बारे में अधिक से अधिक लोगों तक जानकारी पहुंचाई जाए, ताकि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति इस सुविधा से वंचित न रह जाए। उन्होंने विश्वास जताया कि गुरु साहिब की कृपा से यह प्रयास संगत की सेहत और खुशहाली के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
Tribune Times News
Tribune Times News