नई दिल्ली 26 मई ,2026
दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी
के प्रधान हरमीत सिंह कालका ने आज यहां एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए बताया
कि दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी का मुख्य उद्देश्य सिख धर्म का प्रचार और प्रसार
करना है और इसी मिशन को आगे बढ़ाते हुए हर वर्ष की तरह इस बार भी विशाल गुरमति कैंप
आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष का पांचवां गुरमति कैंप 1 जून से
शुरू होगा और 20-21 जून को ऐतिहासिक गुरुद्वारा रकाबगंज साहिब में इसका समापन किया
जाएगा।सरदार हरमीत सिंह कालका ने कहा कि दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की यह
मूल जिम्मेदारी है कि सिख बच्चों को गुरसिखी रहित मर्यादा, गुरु साहिबानों की पवित्र
बाणी, पंजाबी भाषा और सिख कौम के गौरवशाली इतिहास से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि दिल्ली
सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा किया जा रहा यह प्रयास सिख युवा पीढ़ी को अपने
विरसे, संस्कारों और धार्मिक मूल्यों से जोड़ने की दिशा में एक अत्यंत महत्वपूर्ण कदम
है।उन्होंने बताया कि ये गुरमति कैंप 1 जून से 19 जून तक दिल्ली के ऐतिहासिक गुरुद्वारों
और विभिन्न सिंह सभाओं में आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि चार वर्ष पहले जब इन
कैंपों की शुरुआत की गई थी, तब लगभग 4 हजार विद्यार्थियों ने इसमें भाग लिया था, जो
बाद में बढ़कर 12 हजार और फिर 16 हजार हो गया तथा पिछले वर्ष यह संख्या 20 हजार तक
पहुंच गई। उन्होंने गर्व के साथ कहा कि बच्चों में गुरमति कैंपों के प्रति लगातार रुचि
बढ़ रही है और इस बार दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी को पूरी उम्मीद है कि लगभग
25 हजार बच्चे इन कैंपों में भाग लेंगे।सरदार कालका ने बताया कि कैंपों के दौरान विद्यार्थियों
को गुरमुखी, गुरसिख जीवन शैली, सिख इतिहास तथा गुरु साहिबानों की बाणी संबंधी विशेष
प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि युवा पीढ़ी को अधिक से अधिक गुरसिख जीवन से जोड़ा जा सके।
उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को इन गुरमति कैंपों का अवश्य
हिस्सा बनाएं, ताकि गुरसिखी जीवन का संदेश घर-घर तक पहुंच सके।उन्होंने यह भी बताया
कि कैंपों में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को सिख इतिहास संबंधी विशेष पुस्तकें भी
उपलब्ध करवाई जाएंगी। सरदार कालका ने कहा कि दिल्ली में 1000 से अधिक वॉलंटियर दिल्ली
सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी से जुड़े हुए हैं, जो धर्म के प्रचार और प्रसार की इस
मुहिम को सफल बनाने के लिए अपना बहुमूल्य योगदान दे रहे हैं।इस अवसर पर दिल्ली सिख
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के महासचिव सरदार जगदीप सिंह काहलों, धर्म प्रचार कमेटी के
प्रधान सरदार जसप्रीत सिंह करमसर, कमेटी के सदस्यगण तथा ऑल इंडिया रामगढ़िया विश्वकर्मा
फेडरेशन के प्रधान सरदार सुखदेव सिंह रियैत भी उपस्थित थे।

Post a Comment