नई दिल्ली, 1 जून 2026: दिल्ली सिख
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सरदार हरमीत सिंह कालका ने बताया कि जून 1984
में श्री अकाल तख्त साहिब और श्री दरबार साहिब, अमृतसर में घटित शहीदी साके के दौरान
सिख कौम और धर्म की रक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले सिंहों और सिंहनियों
की पावन स्मृति को समर्पित दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा 2 जून 2026
को ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री बंगला साहिब जी में अखंड पाठ साहिब आरंभ करवाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अखंड पाठ साहिब
का समापन 4 जून 2026, दिन गुरुवार, प्रातः 10:00 बजे होगा, जिसके उपरांत विशेष अरदास
समागम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस दौरान शहीदों की अद्वितीय कुर्बानी को
याद करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए जाएंगे तथा सरबत के भले की अरदास की जाएगी।
सरदार हरमीत सिंह कालका ने कहा कि
जून 1984 का शहीदी साका सिख इतिहास का एक महत्वपूर्ण और अत्यंत पीड़ादायक अध्याय है,
जिसने पूरी सिख कौम को गहराई से प्रभावित किया। उन्होंने कहा कि इस साके के दौरान शहीद
हुए सिंहों और सिंहनियों की कुर्बानियां सदा के लिए सिख कौम की स्मृतियों का अभिन्न
हिस्सा रहेंगी तथा आने वाली पीढ़ियों को धर्म, सिद्धांतों और मूल्यों की रक्षा के लिए
प्रेरित करती रहेंगी।
उन्होंने समस्त संगत से अपील की कि
वे बड़ी संख्या में गुरुद्वारा श्री बंगला साहिब जी पहुंचकर अखंड पाठ साहिब और अरदास
समागम में शामिल हों, शहीदों की स्मृति को नमन करें तथा उनके परिवारों की चढ़दी कला,
सुख-शांति और सरबत के भले के लिए अरदास करें।

Post a Comment