पंजाब के तरनतारन में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला कार्यालय पर हमले की खबर सामने आई है। तरनतारन बाईपास के पास स्थित भाजपा दफ्तर में सोमवार शाम करीब 15 से 20 नकाबपोश युवक अचानक घुस आए और वहां जमकर तोड़फोड़ की।मिली जानकारी के अनुसार हमलावरों ने कार्यालय की खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए और मौके पर मौजूद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई भी की। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंच गईं और पूरे इलाके को घेर लिया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। घटना के बाद भाजपा कार्यालय के बाहर सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से पंजाब में भाजपा कार्यालयों और कार्यकर्ताओं पर हमलों की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिसके चलते राज्य का माहौल पहले से ही तनावपूर्ण बना हुआ है।

Post a Comment