नई दिल्ली, 10 मई 2026:
आज नई दिल्ली के लक्ष्मी नगर स्थित चारु भवन
में फ्रंट अगेंस्ट एनपीएस इन रेलवे की एक अत्यंत महत्वपूर्ण कार्यकारी बैठक आयोजित
की गई। इस बैठक की अध्यक्षता संगठन के अध्यक्ष अमरीक सिंह ने की। बैठक में इंडियन रेलवे
एम्पलाइज फेडरेशन के महासचिव सर्वजीत सिंह और एक्टू के महासचिव राजीव डिमरी विशेष रूप
से पर्यवेक्षक के तौर पर उपस्थित रहे। बैठक के दौरान संगठन की मजबूती और पुरानी पेंशन
बहाली के संघर्ष को तेज करने पर गहन मंथन किया गया। इस अवसर पर कार्यकारी अध्यक्ष तरसेम
सिंह, अतिरिक्त महासचिव भरत राज सहित विभिन्न जोनों से आए प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया,
जिनमें हरिकेश रायबरेली, योगेंद्र यादव मॉडर्न कोच फैक्ट्री रायबरेली, लोकेश मीणा पश्चिम
मध्य रेलवे कोटा, शिव शंकर सिंह पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी, सरोज कुमार सिंह बनारस रेल
इंजन कारखाना वाराणसी, महेश कुमार मीणा उत्तर रेलवे दिल्ली, जितेंद्र सिंह पटियाला
रेल इंजन कारखाना पटियाला और सरबजीत सिंह रेल कोच फैक्ट्री कपूरथला प्रमुख रहे।
बैठक में संगठन के भविष्य की रूपरेखा तय करते
हुए कई निर्णायक संकल्प लिए गए। यह सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि फ्रंट अगेंस्ट
एनपीएस इन रेलवे अब पूरी तरह से इंडियन रेलवे एम्पलाइज फेडरेशन और जोनल यूनियनों के
दिशा-निर्देशों के अनुरूप अपनी गतिविधियों को संचालित करेगा। संगठन को प्रशासनिक रूप
से सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आगामी सात दिनों के भीतर एक वर्चुअल मीटिंग बुलाई जाएगी।
इसके साथ ही, एक महीने के भीतर सभी रेलवे जोनों में फ्रंट की नई कार्यकारिणी का गठन
सुनिश्चित किया जाएगा। संगठन की निरंतरता बनाए रखने के लिए यह तय हुआ कि हर माह वर्चुअल
और हर तीन महीने में एक बार ऑफलाइन बैठक का आयोजन अनिवार्य रूप से किया जाएगा। वर्तमान
परिस्थितियों को देखते हुए महासचिव की अनुपस्थिति में कार्यों को निर्बाध रूप से चलाने
के लिए एक्टिंग महासचिव और एक्टिंग कोषाध्यक्ष की नियुक्तियां भी की गईं।
संघर्ष के अगले चरण की घोषणा करते हुए अध्यक्ष
अमरीक सिंह ने बताया कि 6 सितंबर को लखनऊ में फ्रंट का भव्य राष्ट्रीय अधिवेशन आयोजित
किया जाएगा, जो देश भर के रेल कर्मचारियों को एकजुट करने में मील का पत्थर साबित होगा।
बैठक में सभी जोनों के लिए विशेष ऑर्गनाइजर भी नियुक्त किए गए हैं, जो क्षेत्रीय स्तर
पर पुरानी पेंशन की मांग को धार देंगे। अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि संगठन का एकमात्र
लक्ष्य एनपीएस को समाप्त कर पुरानी पेंशन योजना को बहाल कराना है और इसके लिए रेल कर्मचारी
किसी भी बड़े आंदोलन से पीछे नहीं हटेंगे। जिन जोनों के प्रतिनिधि अपरिहार्य कारणों
से इस बैठक में शामिल नहीं हो सके, उन्होंने अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए संगठन के
निर्णयों का पूर्ण समर्थन किया है।
जारी कर्ता:
भरत राज
अतिरिक्त महासचिव, फ्रंट अगेंस्ट एनपीएम इन
रेलवे

Post a Comment