पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में भाजपा को बहुमत मिला है, जिसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में जनता ने भारतीय जनता पार्टी को बहुमत दिया है। बंगाल में पहली बार बीजेपी सरकार बनाने जा रही है। बीजेपी की जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कार्यकर्ताओं को बधाई दी है।
पीएम मोदी ने बीजेपी की जीत पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, '2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव हमेशा याद रखे जाएंगे। जनता की शक्ति की जीत हुई है और BJP की सुशासन की राजनीति सफल रही है। मैं पश्चिम बंगाल के हर एक व्यक्ति के सामने नतमस्तक हूं।'
प्रधानमंत्री ने आगे लिखा, 'जनता ने BJP को एक शानदार जनादेश दिया है और मैं उन्हें विश्वास दिलाता हूं कि हमारी पार्टी पश्चिम बंगाल की जनता के सपनों और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास करेगी। हम एक ऐसी सरकार देंगे जो समाज के सभी वर्गों को अवसर और सम्मान सुनिश्चित करेगी।'
भाजपा की ऐतिहासिक जीत
पीएम मोदी ने एक्स पर आगे लिखा, 'पीढ़ियों से अनगिनत कार्यकर्ताओं के अथक प्रयासों और संघर्षों के बिना, पश्चिम बंगाल में भाजपा की यह ऐतिहासिक जीत संभव नहीं हो पाती। मैं उनमें से हर एक को नमन करता हूं।'
पीएम ने आगे लिखा, 'साल-दर-साल, कार्यकर्ताओं ने विपरीत परिस्थितियों का सामना किया है, जमीन पर कड़ी मेहनत की है और हमारे विकास के एजेंडे के बारे में बात की है। वे ही हमारी पार्टी की असली ताकत हैं।'
असम की जीत पर भी पीएम मोदी ने दी बधाई
पीएम मोदी ने लिखा, 'असम में BJP-NDA को फिर मिला आशीर्वाद! असम विधानसभा चुनावों में BJP-NDA की जीत, विकास और आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने पर हमारे गठबंधन के जोर के प्रति अटूट समर्थन को दर्शाती है।'
प्रधानमंत्री ने लिखा, 'इस विशाल जनादेश के लिए, मैं असम के अपने भाइयों और बहनों को तहे दिल से धन्यवाद देता हूं। मैं उन्हें भरोसा दिलाता हूं कि हम राज्य के कायाकल्प के लिए काम करना जारी रखेंगे।'
-1777899558113.jpg)

إرسال تعليق