Top News

युवाओं के साथ शिरोमणि अकाली दल दिल्ली स्टेट और मजबूत होगा : हरमीत सिंह कालका

 


 

परविंदर सिंह लख्खी और संगत को दिल से बधाई, पंथक सोच की सराहना

 

नई दिल्ली, 8 मई 2026

 

दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सरदार हरमीत सिंह कालका ने आज एक बयान जारी करते हुए सरदार परविंदर सिंह लख्खी और उनके साथियों को शिरोमणि अकाली दल दिल्ली स्टेट से जुड़ने पर दिल से बधाई दी। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र में जब बड़ी संख्या में युवा ईमानदारी और समर्पण के साथ एकजुट होकर काम करते हैं, तो कोई भी विरोधी ताकत उनके सामने टिक नहीं सकती।

 

सरदार कालका ने युवाओं की पंथक सोच और जज्बे की सराहना करते हुए कहा कि आज के समय में जहां बहुत से लोग केवल राजनीतिक लाभ को प्राथमिकता देते हैं, वहीं ये युवा धार्मिक और सामाजिक मूल्यों से जुड़कर पंथ की सेवा के लिए आगे आ रहे हैं, जो अत्यंत प्रेरणादायक है।

 

उन्होंने बताया कि शिरोमणि अकाली दल दिल्ली स्टेट केवल एक राजनीतिक पार्टी नहीं है, बल्कि गुरु घरों की सेवा, सिख धर्म के प्रचार-प्रसार और सामाजिक एकता को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध संस्था है। पार्टी द्वारा गुरु घरों की देखभाल, शैक्षणिक संस्थानों, स्कूलों, कॉलेजों और अस्पतालों की सेवाओं के माध्यम से समाज के हर वर्ग तक पहुंच बनाई जा रही है।

 

सरदार कालका ने कहा कि हर मजबूत पार्टी की नींव युवा पीढ़ी होती है। उन्होंने खुशी व्यक्त की कि वार्ड 41 (यमुना पार) में युवाओं की भागीदारी से शिरोमणि अकाली दल दिल्ली स्टेट की जड़ें और मजबूत हो रही हैं। उन्होंने सरदार परविंदर सिंह लख्खी से अपील की कि वे अपने क्षेत्र के सक्रिय और समर्पित युवाओं को आगे लाकर पार्टी और यूथ विंग में बड़ी जिम्मेदारियां सौंपें, ताकि पूरे दिल्ली स्तर पर संगठन को नई शक्ति मिल सके।

 

उन्होंने यह भी कहा कि जल्द ही एक विशाल सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसके माध्यम से क्षेत्र की संगत को दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा पिछले वर्षों में की जा रही विभिन्न सेवाओं के बारे में विस्तार से अवगत कराया जाएगा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि नए जुड़े युवाओं को शिरोमणि अकाली दल दिल्ली स्टेट के साथ-साथ दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अधीन चल रही संस्थाओं में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी जाएंगी।

 

सरदार हरमीत सिंह कालका ने सभी युवाओं और संगत का धन्यवाद करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से पंथ की चढ़दी कला और समाज की भलाई के लिए नए इतिहास रचे जाएंगे। इस अवसर पर दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के जनरल सचिव सरदार जगदीप सिंह काहलों और बीबी रणजीत कौर, सदस्य दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी तथा अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

Post a Comment

أحدث أقدم
Tribune Times News
Tribune Times News