Top News

: त्रिवेंद्रम-निज़ामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस की बोगी में लगी आग, बाल-बाल बचे यात्री

 


 

 

तिरुवनंतपुरम से हजरत निज़ामुद्दीन जा रही ट्रेन संख्या 12431 राजधानी एक्सप्रेस में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब ट्रेन की बी-1 (B-1) कोच में अचानक आग लग गई। यह हादसा पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल के अंतर्गत लूणी रिछा (LNR) और विक्रमगढ़ आलोट (VMA) स्टेशनों के बीच डाउन ट्रैक पर हुआ। हालांकि, रेलवे स्टाफ की सतर्कता के चलते समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। पश्चिम मध्य रेलवे के अनुसार, आग लगने की सूचना मिलते ही सुरक्षा के लिहाज से ओवरहेड इक्विपमेंट (OHE) की बिजली सप्लाई को तुरंत काट दिया गया। इसके बाद प्रभावित बी-1 कोच को ट्रेन से अलग (डिटैच) किया गया। रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी तुरंत दुर्घटनास्थल पर पहुंचे और दमकलकर्मियों के साथ मिलकर आग पर काबू पाने के काम में जुट गए।
इस घटना में किसी भी यात्री या रेल कर्मचारी के हताहत होने या घायल होने की खबर नहीं है। इस हादसे के कारण इस रूट पर रेल यातायात आंशिक रूप से प्रभावित हुआ और ट्रेन संख्या 12955 को महिदपुर रोड (MEP) स्टेशन पर रोका गया। रेलवे प्रशासन के मुताबिक, ट्रैक को जल्द ही साफ कर यातायात बहाल कर दिया जाएगा। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

 

 

 

 

Post a Comment

أحدث أقدم
Tribune Times News
Tribune Times News